गंगालूर पोटा केबिन मामला: जांच दल ने बताया ‘अर्धसत्य’, जांच जारी
बीजापुर बस्तर के माटी समाचार, 19 मार्च 2026। गंगालूर स्थित पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय में तीन छात्राओं के गर्भवती होने की चर्चित खबर पर नया मोड़ आ गया है। सर्व आदिवासी समाज द्वारा गठित जांच दल ने अपनी प्रारंभिक जांच में इस खबर को “अर्धसत्य” करार दिया है।
सर्व आदिवासी समाज के संभागीय अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर के निर्देशन में तथा जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी (संयोजक) के नेतृत्व में गठित जांच समिति 19 मार्च को गंगालूर पहुंची। जांच दल में कमलेश पैंकरा, कुंवर सिंह मज्जी, अमित कोरसा, सीताराम मांझी, कामेश्वर दुब्बा, श्रवण सैंड्रा और सुखराम कोवासी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

जांच के दौरान समिति ने संबंधित छात्राओं से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की और पूरे मामले की पड़ताल की। इसके बाद गोंडवाना भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को जानकारी दी गई।
संयोजक जग्गूराम तेलामी ने बताया कि जांच में यह तथ्य सामने आया कि एक छात्रा सितंबर माह से ही विद्यालय में अनुपस्थित थी, जबकि अन्य दो छात्राएं नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के बाद से ही विद्यालय नहीं आई थीं। समिति के अनुसार, तीनों छात्राएं वर्तमान में अपने-अपने ससुराल में रह रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा के दौरान जब ये छात्राएं विद्यालय आई थीं, तब अंतिम दिन गांव के कुछ लोगों द्वारा उनसे पूछताछ की गई थी, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आया।
सर्व आदिवासी समाज ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

